कच्छ की अनजानी राहों पर एक अयाचित सफर: मोमाई माँ (भेड माता) मंदिर और ढलती शाम का संस्मरण
प्रियम्वदा !
बहुत मजेदार है, बिना किसी पूर्व-आयोजन के कहीं भी निकल पड़ना। रस्ते में चलते चलते कोई एक मंजिल तय करना, और फिर वहां ढलती रवि किरणों से आँखों को आंजना। ऊँची-नीची ढलान वाली टेकड़ियाँ, अनगिनत आडीटेढ़ी उगी हुई झाड़ियां, और टेकरी से दीखता एक पशुपालक, जो सीटियां मार-मारकर अपनी बकरियों को बाड़े में बाँधने में लगा हो। मंद हवाओं में नमी की सुगंध, शहरी उद्योग रहित शुद्ध हवा। कभी अचानक से निकला हुआ कोई तीतर, तो कभी भागता हुआ नेवला देखने में आम है, लेकिन रोचक फिर भी है।
रविवार की व्यस्तता और घर से निकलने की बेताबी
रविवार बिलकुल रविवार जैसा ही था। सवेरे लेट तक बिस्तर में पड़े रहने के बावजूद साढ़े नौ अपने कार्यालय पहुँच चूका था। त्यौहारों की छुट्टियों में बिना काम के भी मजदूरों को संभालने के नाम पर भी उन्हें कुछ न कुछ मेहनताना देना पड़ता है, ताकि सोमवार को वे यहीं मिले। यूँ तो सरदार की उपस्थिति में इसी काम में मेरे दोपहर के दो बजने तय होते थे, पर आज, आज तो मैं ही सरदार था, मैं ही करता-धर्ता, मैं ही सर्वेसर्वा था। (कभी कभी तो लगता है, अपुनिच भगवान है..)
खैर, मजाक को दरकिनार करते हुए ग्यारह बजे तक, सारे कामों को समेटकर मैं फ्री हो चूका था। और यही कारण था, कि कईं सालो बाद पहली बार मैं साढ़े ग्यारह बजे घर पर था। इस अधिक समय का सदुपयोग किया मैंने प्लम्बर बुलाकर। पिछले चार-पांच महीनों से टपकसिंचाई योजना का अनुसरण करते कुछ नल बड़े खटक रहे थे। काँटा चुभे तो निकाल देना चाहिए। सरकार पसंद न आए तो बदल देनी चाहिए। हमारी पसंद-नापसंद के भी स्तर होते है, तरह तरह के नलों के देखकर कुछ पसंद किए जाते है, और कुछ पसंद की हुई चीज पहले से तय शर्तों के अधीन नहीं हो पाती। इसी तरह सिंक के लिए पसंद किया गया नल, कुछ इंच ऊंचा, और छोटा रह गया। जिसे वापिस बदलवाने जाना पड़ा।
इस आयोजन के सफल होते होते दोपहर के दो बज चुके थे। प्लम्बर महाशय अपना मेहनताना लेकर निकले, तब जाकर मैं दोपहर के भोजन को प्राप्त हुआ। बाइक की चाबी को अंगुली में फिराते में हुए जैसे ही दरवाजे से निकला, सामने ही हुकुम अपनी करड़ी आँखों से मुझे देखते मिले। उनकी आँखों से छलकते प्रश्न का उत्तर तो बस "आता हूँ" ही देना चाहता था, पर इतना कह देने भर से उनकी आँखों में और करड़ापन उतर आने का भय था। कुछ ही क्षणों में काफी कुछ सोच-विचार ने बावजूद मुँह से तो यही निकला, "यहीं आसपास टहल आता हूँ" और तुरंत बन्दूक की गोली की माफिक भाग निकला मैं।
अंजार-मुंद्रा हाईवे से सिनुगरा और ग्रामीण कच्छ की झलक
प्रियम्वदा, ऊर्जा का कोई विकल्प है? फ़िलहाल यह लिखते हुए तो मुझे नहीं दीख रहा। ज्यादा सोच-विचार करने पर कुछ मिल भी सकता है। घर से निकलते ही थोड़ी दूरी पर मेरी ऊर्जा के भंडारघर का शटर गिरा हुआ देख, थोड़ी अप्रसन्नता जरूर हुई, पर इस अप्रसन्नता को फिर से बाइक दौड़ाते ही हवाओं ने झटककर उड़ा दिया। अंजार-मुंद्रा हाईवे पर मेरा वाछटीया (YAMAHA FZX) अपना कौशल दिखाते हुए धुरीय स्थिरता के साथ दौड़े जा रहा था। खेडोई से पहले सिनुगरा के लिए इस हाईवे को विदा किया।
पांच-दस किलोमीटर के अंतराल पर छोटे छोटे गाँव। गाँव के आते ही पशुओं के गोबर की महक पहले ही नथुनों को सूचित कर जाती है। और यही गंध से फेफड़ों को सराबोर करने के लिए हर गाँव में बड़े बड़े विशालकाय रोड-बम्प्स। सिनुगरा के बाद इस रोड पर पांच गाँव आते है। बाकी रोड के दोनों तरफ खेत, खेतों में अनार, ज्वार और दिशाहीन उगते ड्रैगनफ्रूट्स लगे दीखते है। कहीं कहीं आम्रवन, और एक जगह गेंदे के फूलों की लम्बी कतार। हाँ ! तम्बू ओढ़ाकर की जाती पॉली-हाउस खेती भी होती है यहाँ।
सीधी काली सड़क, ट्रैफिक के नाम पर कोई कोई कभी दिख जाता द्विचक्री वाहन के अलावा मरुस्थल सी विरानता पाकर मैंने अक्सेलरेटर बढ़ाने में कोई कसर न छोड़ी। सीधी सड़क पाकर गति कईं बार अस्सी से ऊपर चली जाती। जिसे मैं गंभीरतापूर्वक वापिस पचास-साठ के बिच में स्थिर करने को प्रयासी होता। पांतियां गांव के बाद ही बाहिने ओर छोटी टेकड़ियाँ दिखने लगती है। और शहरी आँखों को लुभाने को यही पर्याप्त है।
चकार गाँव के पास: मोमाई माँ - भेड माँ मंदिर का आध्यात्मिक एकांत
चकार गाँव के बाद एक छोटे से पुलिये की बाहिने और अब एक विशाल प्रवेशद्वार बन चूका है। इस प्रवेशद्वार के दोनों कंगूरे पर दो ऊंट बैठे है। एक अविकसित दुबली सड़क यहाँ से नदी के तट में से होकर, टेकड़ीयों के बिच से जाती दिखती है। इसी सड़क से एक हाथ में फ़ोन पर चलता गूगल मैप्स, और दूसरे हाथ से थाम रखा मोटरसायकल का हैंडल, एक नजर मैप पर, तो तुरंत दूसरी सड़क पर। एक और तिराहा आते ही एक शिला पर लगी तख्ती में गुजरती में लिखा हुआ पढ़ा जा सकता है, "मोमाई माँ - भेड माँ नु मंदिर"।
एक छोटा सा मंदिर, अब तो मंदिर के प्रांगण में कोई परिवार बस्ता भी है। मंदिर के भीतर सिंदूरी लेप में रंगी एक शिला, जिस पर बनी दो आँखे, माथे पर मुकुट, और चुनरी से सजाई गयी वह मूर्ति, बगैर किसी शिल्पकला के भी चेतनावंत होने का भास् होता है। आस्था, आस्था होने के कारण ही हम कईं प्रेरणा पाते है। कुछ देर यहीं मंदिर में बैठकर निकला, तो पास में ही एक सीढी निचे उतरती है। पहले यह सीढ़ी यहाँ आने का एकमात्र मार्ग हुआ करती थी। अब पक्की सड़क यहाँ आ जाने से सीढ़ी केवल निचे नदी तक पहुँचने में उपयोगी है।
सूनी सीढ़ियाँ, अकाल का दौर और बदलता परिवेश
इस निरुपयोगी सीढी की दोनों ओर घना बीहड़ अब भयजनक है। मैं कुछ वर्षों पूर्व यहाँ आया, तब वर्षा ऋतु थी। सीढ़ियों से निचे उतरकर नदी तट तक गया था। कहीं किसी गड्ढे में भरे पानी के पास बैठकर कुछ बूढी औरतें भजन-कीर्तन कर रही थी। आज इस सीढ़ियों से निचे उतरने में एक भय उत्पन्न हो रहा था। भय का कारण नीरवता ही तो थी। शोर की आदी हो चुकी श्रवणेन्द्रियों को यह नीरवता कतई रास नहीं आ रही थी। सीढ़ियों से काफी निचे तक उतर आने के बाद अहसास हुआ, कि इतनी सीढियाँ वापिस ऊपर की ओर चढ़नी भी पड़ेगी।
भय से नहीं, मैंने आलस को प्राधान्य देकर, निचे नदीतट तक न जाना चुना। उपरांत मैं पहले भी यह नदीतट देख चूका हूँ। और इस वर्ष तो कच्छ में अकाल पड़ा है। नहींवत वर्षा से इस नदीतट में बस जलप्रवाह से तराशी खड़कें ही दिखनी थी। मैं वापिस मंदिर पर लौट आया। मंदिर के आसपास अब बहुत कुछ बदल गया है। बच्चों के लिए बगीचा बनाया गया है। एक बड़ा सा शेड बनाया गया है, और पंछियों के लिए चबूतरा बन चूका है।
चबूतरे के पास बैठकर, मुश्किल से पचास सीढियाँ चढ़ने से अत्यंत तेज धमन की माफिक चल रही साँसे शांत की। इतने में एक कार से एक नवयुवान युगल आया। कुछ देर सेल्फीज़ खींची, एक दूसरे का हाथ पकड़कर कुछ देर चलें, और फिर कार में बैठकर वापिस लौट गए। शायद इनके कबाब में हड्डी मैं था, जो चबूतरे के निचे अपनी तेज चल रही साँसों को थोड़ा शांत करने को बैठा था। कुछ देर बैठकर सोचा कहीं ओर चला जाए। पास में एक और मंदिर है, जिसे सारणवारी मोमाई कहा जाता है। वर्षा में बारिश की दो-तीन झड़ियों के बाद यहाँ आना चाहिए। चारोओर हरीयाली के उपरांत कईं बार यहाँ ऊंटों का एक बड़ा झुण्ड लेकर कुछ पशुपालक बैठते है। टेकड़ीयों के बिच यह जगह थोड़ी समतल होने से यहाँ ऊंटों का विशाल झुण्ड देखना बड़ा ही रोमांचक लगता है।
ऊँची टेकरी पर सूर्यास्त और प्रकृति की साधना
भेड माता मंदिर से निकलकर एक टीले जैसी ऊँची टेकरी पर मोटरसाइकिल चढ़ा दी मैंने। यहाँ से निचे गहरी और खड़ी-खाई दिखती है, और कंकर पत्थर पर फिसल जाने का भी भय है। मोटरसाइकिल को डबल स्टैंड चढ़ाकर कुछ देर सूर्य को टेकड़ीयों में अस्त होते देखना भी बड़ा आनंददायक रहा। टेकरियों के पीछे कहीं अस्त हो रहे सूर्य की सुनहरी आभा की साक्षी में, आसपास के बीहड़ से कुछ जंगली पंछी कलशोर कर रहे थे। संध्या के प्रभाव में आते ही कईं वाहन अब उस मंदिर की ओर आते दीखते थे।
भीतर प्रवेश पाने को भीड़ लगाए तमाम विचारों को बाहर खदेड़कर, मन के तमाम द्वारों को कुछ देर बंद रखकर, बस इस प्रकृति को खुद को सौंपकर बैठे रहना भी एक साधना ही तो है। लेकिन.. उन बंद द्वारों में से किसी एक द्वार पर जैसे अंगद-मुष्टिका का प्रहार हुआ, और एक विचार भीतर आ ही गया, अँधेरा होने से पूर्व हाईवे चढ़ जाने का। इस इकलौते प्रवेश पा चुके विचार ने भीतर से तमाम द्वार खोल दिए, और फिर से एक बार अच्छे-बुरे तमाम विचारों ने मन को फिर से अपने कार्य को कटिबद्ध कर दिया। अँधेरा होने से पूर्व मैं घर वापसी का आधा मार्ग तय कर चूका था।
प्रियम्वदा ! जीवन की कटु व्यस्तता में से इसी तरह अपने लिए मौका मिलते ही कुछ समय चुरा लेना चाहिए। यह चुराया हुआ समय, कटुता की पीड़ा पर मरहम बनकर, और व्यस्तता के तीक्ष्ण भालों की चुभन के उपरांत, चेहरे पर एक मंद मुस्कान छोड़ जाता है।
१६/११/२०२६
|| अस्तु ||
क्या आपने भी कभी बिना किसी योजना के ऐसा सफर किया है?
कच्छ की इन शांत टेकड़ियों और इस यात्रा संस्मरण के बारे में अपने विचार नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर साझा करें। यदि आपको यह लेख पसंद आया हो, तो इसे अपने घुमक्कड़ मित्रों के साथ शेयर करना न भूलें!
कच्छ (Kutch) यात्रा से जुड़े सामान्य प्रश्न (FAQs)
कच्छ की प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली देखने के लिए मानसून (जुलाई से सितंबर) और सर्दियों (अक्टूबर से फरवरी) का समय सबसे उपयुक्त होता है। बारिश के बाद यहाँ की टेकड़ियाँ हरी-भरी हो जाती हैं और मौसम बेहद सुहावना रहता है।
अंजार-मुंद्रा हाईवे पर खेडोई से पहले सिनुगरा की ओर मुड़कर ग्रामीण मार्ग से पांतियां और चकार गाँव पहुँचा जा सकता है। चकार गाँव के पास बने ऊंटों की आकृति वाले प्रवेशद्वार से अंदर की ओर जाने वाला रास्ता सीधे मोमाई माँ (भेड माता) मंदिर तक जाता है।
यह क्षेत्र अपनी शांत टेकड़ियों, बीहड़ प्रकृति, सूर्यास्त के मनोरम दृश्यों और ग्रामीण जीवनशैली के लिए जाना जाता है। मानसून के बाद यहाँ पशुपालकों और ऊंटों के बड़े झुंड देखना एक अनूठा अनुभव होता है।
ग्रामीण सड़कों पर बड़े रोड-बम्प्स (स्पीड ब्रेकर) और मवेशियों की आवाजाही आम है, इसलिए गति नियंत्रित रखें। टेकड़ियों पर कंकड़-पत्थर होने के कारण वाहन सावधानी से चलाएं और सूर्यास्त से पहले मुख्य हाईवे की ओर लौटने की योजना बनाएं।
📸 यात्रा की कुछ अनकही झलकियाँ (Photo Gallery)
📖 थोड़ी देर और ठहरो प्रिय पाठक,
- 📚 किताबों की दुनिया – इन किताबों ने मुझे बदला, शायद आपको भी पसंद आएं।
- 📖 मेरी ई-बुक्स – मेरी कुछ चुनी हुई किताबें और संचयन, जो आप पढ़ सकते हैं।
- ✉️ खत और जज्बात – कुछ निजी और अनसुने खत, जो सीधे दिल से लिखे गए हैं।
- 🏡 दिल की डायरी – मेरी रोज़मर्रा की ज़िंदगी के बिखरे हुए पन्नों का संग्रह।
📬 मुझसे जुड़े रहिए
हफ्ते में एक बार, बिना किसी स्पैम के, एक नया किस्सा आपके ईमेल पर।

