प्रियम्वदा !

मानवीय संबंधों में स्वार्थ का मनोविज्ञान और महत्त्व की परिभाषा

रिश्तों की गंभीरता और आचरण पर स्वार्थ का प्रभाव

महत्त्व का अपना एक महत्त्व है। हम किसी को कितना महत्त्व देतें है, वह हमारे स्वार्थ पर निर्भर करता है। हम किसी से कितना सम्बन्ध बनाकर रखते है, और उसे कितनी गंभीरता से लेते है, वह सब कुछ हमारे स्वार्थ पर निर्भर करता है। हमारा स्वार्थ कितना वजनी है, उस बात की असर हमारे आचरण पर भी होती है। यह एक दृष्टिकोण है। कटु दृष्टिकोण, जरुरी नहीं प्रियम्वदा ! कि तुम भी इस फालतू के दृष्टिकोण पर यकीन करो।

शादी के रिसेप्शन का अवलोकन: दिखावटी मुस्कान और स्वार्थ की कोमलता

सामाजिक समारोहों में बदलता मानवीय व्यवहार और क़र्ज़ का असर

कल रात किसी की शादी का रिसेप्शन था। अक्सर ऐसे प्रसंगों में जहाँ बहुत सारे लोग होतें है, वहां मैं असहज हो जाता हूँ। और अक्सर मैं अकेला रहना पसंद नहीं करता हूँ। उस शादी में जाने से पूर्व मैंने विषैले गजे को फोन करके पूछ लिया था, कि क्या उसे भी न्यौता मिला है? अगर मिला है, तो दोनों साथ में जाएंगे। मैं समय रहते रिसेप्शन के स्थान पर पहुँच गया। गजे को फोन मिलाया, तो उसने फोन काट दिया। उसे ढूंढने पर वह अपनी कार में बैठा एक ऑनलाइन मीटिंग में हाजरी दे रहा था। मैंने जब कहा, कि चल अंदर चलते है, तब उसने उस मीटिंग को महत्वपूर्ण बताया। प्रियम्वदा ! गजे के लिए वह मीटिंग महत्वपूर्ण थी..

कुछ देर मैं अकेला उस रिसेप्शन में टहलता रहा। मैं अक्सर लोगों का आचरण देखना पसंद करता हूँ ऐसे प्रसंगो में। बेकार का ऑब्जर्वेशन है यह, पर मैं फिर भी देखता रहता हूँ। कईं लोग आँखों ही आँखों से एक दूसरे से मिल लेते है ऐसे प्रसंगो में। यदि उनका स्वार्थ ज्यादा मजबूत है, तो ही एक दूसरे से हाथ मिलाते है, या फिर गले तक मिलते है। खामख्वाह लोग आदर का दिखावा करते हुए किसी न किसी के पैर छूते है। चेहरे पर एक बड़ा सा हास्य लेकर लोग इधर से उधर टहल रहे होतें है।

अक्सर ऐसे रिसेप्शन में खाना परोसने के लिए लड़कियां होती है, जो अपने चेहरे पर एक नकली मुस्कान बिखेरती खड़ी होती है। जब कोई अपनी प्लेट में दूसरे के बाद तीसरा गुलाबजामुन मांगता है, तो उस चेहरे की मुस्कान में थोड़ी कमीं आ जाती है।

ऐसे प्रसंगों में वे लोग सामने से चलकर मिलने आते है, जो हमें महत्वपूर्ण समझतें है। महत्वपूर्ण के पीछे वही कोई न कोई स्वार्थ रहता है। स्वार्थ सर्व-व्यापी वस्तु है प्रियम्वदा। मुझे वहां खड़ा देख, एक व्यापारी तुरंत बड़ी सी मुस्कान लिए मिलने आया। क्योंकि उस व्यापारी पर मेरा क़र्ज़ है, जो क़र्ज़ के तले दबा होता है, उसके व्यवहार में एक कोमलता अक्सर बस्ती है। स्वार्थ की कोमलता। अगर उसके लिए मेरा महत्त्व यानि की स्वार्थ शून्य होता, तो वह भी मुझसे बस आँखों ही आँखों में अपने वहां उपस्थित होने का आभास करवाता।

❖ ❖ ❖

हिंदी डायरी लेखन में विचारों की विविधता और संडे बाइक राइड का इंतज़ार

दैनिक लेखनी की रसहीनता से बचने का उपाय

बड़ा ही वाहियात अवलोकन है न यह प्रियम्वदा? छोडो यह सब तुम। नया सुनों.. आजकल पुरानी यादें बड़ी मुँह उठाए सामने आ खड़ी होने लगी है। हालाँकि मुझे भी मजा तो आ रहा है, पर फिर वहीं बाते यहां लेखनी में भी उतर आएगी। अब भला हररोज कोई आलू-प्याज़ की सब्जी कैसे खाए? जब हमें भोजन जैसी प्राथमिक वस्तुओं भी वेराइटी चाहिए होती है, तो यह तो भला लेखनी से जुड़ा विषय है। यहाँ हररोज एक जैसी बातें कैसे चल सकती है? हररोज एक जैसी बातें आने लगी थी, तभी तो मैंने प्रतिदिन लिखना बंद कर दिया था।

हररोज लिखने के लिए समय भी तो निकालना पड़ता है। और यह तो कतई जरूरी नहीं है, कि लिखने के लिए निकाला गया समय असल में कितना परिपूर्ण है विचारों की विविधता से। जब विचारों में विविधता नहीं आती, तो फिर लेखनी से तो वहीँ बातें टपकेगी जिनमे कोई रस न हो.. और रसहीनता तो हमें रास नहीं आती। तो बस, पुरानी यादों को पिंजड़े में डालकर रविवार के इंतजार में रहता हूँ, ताकि संडे राइड के नाम पर कुछ मसाला मिल जाए, जो रसहीनता में समरस होकर कुछ रसास्वाद बनाए।

लोकतंत्र और चुनाव प्रणाली की विडंबना: क्या वास्तव में यह जनता का शासन है?

मतदान प्रतिशत, जनप्रतिनिधि चयन और आम आदमी की बेबसी

कल एक पॉडकास्ट सुन रहा था, वैसे मैं एक ही पॉडकास्ट सुना करता हूँ। और काफी मजेदार भी लगता है मुझे। उसमे चर्चा चल पड़ी डेमोक्रेसी पर.. लोकतंत्र। और बड़ी सही बात है, लोकतंत्र कहीं भी पूर्ण है ही नहीं, और ना ही हो सकता है। लोकतंत्र क्या है? जनता का, जनता के द्वारा, जनता का शाशन। अब मान लिया जाए कि एक चुनाव है, जहाँ दो हजार में से केवल सौ लोगों ने ही वोट किया है। बाकी के 1900 ने लोगों ने चुनाव में हिस्सा ही नहीं लिया था। पर चुनाव फिर भी हुआ, और उन सौ मतों से विजयी हुआ प्रत्याशी अब सत्ताधीश है। क्यों? यह तो लोकमत नहीं था, अधिकतम लोगों ने इसे नहीं चुना था। फिर भी वह सत्ताधीश हुआ।

जैसे प्रधानमंत्री का चुनाव आम आदमी नहीं करता, फिर भी प्रधानमंत्री पद पर कोई न कोई तो बैठता ही है। राष्ट्रपति का पद.. वह कैसे लोकशाही हुआ? लोकशाही में तो एक अदने से आदमी का भी तो मत होता है। और बड़ी समस्या क्या है पता है, आपको अपने क्षेत्र का प्रत्याशी नहीं पसंद है, तब भी आपको उसे हराने के इरादे से भी इस कुँए में कूदना पड़ेगा, और आपको उस प्रत्याशी के विरोधी खेमे में जाना पड़ेगा। क्योंकि आप अपना मत नहीं देते है, तब भी कोई एक तो जीतेगा ही। खैर, मैं इस विषय में और भीतर जाऊंगा तो वहां से विष ही निकाल लाऊंगा। और मेरे कहने से तो नगरपालिका नहीं सुनती महादेव कहाँ सुनेंगे? और फिर उस विष का विषपान कौन करेगा?

निजी वाहनों पर स्टीकर हटाने के नियम और अभिव्यक्ति की आज़ादी

वंश चिन्ह, आस्था के उद्गार और सरकारी प्रचार पर दोहरे मापदंड

लगे हाथ एक और विषय में भी कूद ही पड़ता हूँ। इस देश का बंधारण तमाम प्रकार की आज़ादी देता है, पर फिर कोई राज्य सरकार फेंसला करती है, कि नहीं, आज से अपने वाहनों पर आप कोई भी प्रकार के स्टीकर नहीं लगा सकते, ना जाति-सूचक, ना धार्मिक, ना ही अपनी कम्पनी का.. मैंने अपनी कार पर अपने वंश का चिन्ह लगवा रखा है, अपने कुँवरुभा का नाम लिखवा रखा है, और मैं जिस पराशक्ति में विश्वास रखता हूँ वह उद्गार भी लिखवा रखा है। लेकिन अब वह कार लेकर सड़कों पर निकलते ही पुलिसबल हाथ में ब्लेड लिए खड़ा मिलेगा, और वह तमाम स्टीकर उखाड़ेगा।

मुझे यह नहीं समझ आ रहा है, कि यह लोग करना क्या चाहते है? मेरी कार मेरी मर्जी होनी चाहिए। मैंने पैसे देकर, टैक्स भरकर उसे रोड पर उतारा है, मैं उसे कैसी भी सजाऊँ, उससे सरकार को आपत्ति ही क्यों होनी चाहिए? अगर आपत्ति है, तो फिर तो दो-तीन ब्रांड है कार की। उनका टाइटल / जाति ही कार की ब्रांड है। फिर ब्रांड का नाम भी तो जाति सूचक शब्द हुआ, वह भी निकालो। सरकारी बसों पर यह जो सरकारें अपना प्रचार कर रही है? क्या वे बसें हवा में चलती है? उनके पोस्टर्स उतारे जाएंगे? तमाम राजकीय पक्ष अपना प्रचार करने को कोई भी जगह नहीं छोड़ते, फिर उनके लिए क्या प्रबंध किया गया है?

❖ ❖ ❖

एक बेरोक-टोक लंबे सफर की कामना

प्रियम्वदा के नाम अंतिम संदेश

छोडो प्रियम्वदा ! कहाँ से शुरू हुआ था मैं, और कहाँ आ पहुंचा हूँ.. छोडो यह सब.. तुम तो बस यह बताओ, कि मैं और तुम एक साथ कब किसी लम्बे सफर पर चल सकतें है? ऐसे सफर पर, जहाँ कोई भी पाबंदियां न हो बस..

शुभरात्रि,

२७/११/२०२६

|| अस्तु ||