सावन, फिल्में, जहरीली शराब और आरक्षण : लोकतंत्र की एक बावड़ी | प्रियम्वदा!

0

सावन का पहला सोमवार और शिव मंदिर की भीड़


सावन, दारूबंदी, आरक्षण और लोकतंत्र की बावड़ी पर विचार करता व्यक्ति

प्रियम्वदा !

    लिखने को जरा भी मन नहीं करता आजकल। सोशल मीडिया से भी पर्याप्त दूरी बना चूका हूँ। सहस्त्रबुद्धियों की सभा में भी मेरी गैरहाजरी रहने लगी है। ऊपर से वजन कम करने के चक्कर में, दूसरों की देखादेखी, सावन के उपवास भी रख लिए है। हालाँकि मैं तो रात में भरपेट खा लेता हूँ, बाकि दिन उपवास। ना ! मैं कोई भक्ति नहीं कर रहा। ना मैं कर पाता हूँ। बाकी मैं तो मानता हूँ, कि भूखे पेट भजन न होए। 


    खैर, आज सावन का पहला सोमवार था। और सवेरे सवेरे सोमनाथ की एक रील देखी। लोग चार घंटे से भीड़ जमा के बैठे थे दर्शन करने के लिए। मैं सोच रहा था, अपनी तो परंपरा यह भी कहती है, कि कंकर कंकर में शंकर। फिर यह लोग इतनी भीड़ क्यों लगाते होंगे? आज सवेरे मैं भी जब पास के शिव मंदिर गया था, तो आम दिनों के मुकाबले बहुत ज्यादा लोग थे। हर कोई हाथ में लोटा लिए 'शिव.. शिव..' किए जा रहा था। 


***


लिखने का मन नहीं था, फिल्में देखने का था

    सच में ही बिलकुल लिखने का मन नहीं करता है। सोमवार को शुरू किया था, आज गुरुवार है। इस बिच में काफी सारी मूवीज देख ली मैंने। स्पाइडर मैन = नो वे होम, स्पाइडर मैन = ब्रांड न्यू डे, द गॉट लाइफ, सरिपोधा सनीवारम, ऑपरेशन सफ़ेद सागर। और अभी भी यही सिलसिला जारी भी है। स्पाइडर मैन ब्रांड न्यू डे से शुरुआत की थी। वह फिल्म देखने पर समस्या यह हुई कि मुझे याद ही नहीं आ रहा था, कि MJ और नेड दोनों पीटर पार्कर को भूल कैसे गए? फिल्म पूरी करने के पश्चात स्पाइडरमैन नो वे होम देखनी पड़ी, ताकि पता चले की माजरा क्या था। 


    स्पाइडर मैन नो वे होम ख़त्म करने के बाद याद आया, अंतर्राष्ट्रीय विवादों में रही द गॉट लाइफ भी तो मैंने नहीं देखी थी। तो मौका भी था, दस्तूर भी। लगे हाथो वह भी देख ली। सच में काफी ज्यादा संघर्षों से भरी यह फिल्म थी। नायक कितने सारे संघर्षों से गुजरता है। और कईं बार यह फिल्म जीवन और मृत्यु के बिच की दीवार के पास ले जाकर छोड़ती है। 


    ऑपरेशन सफेद सागर के बारे में तो गूगल करके पर्याप्त माहिती मिल ही जाएगी। पर काफी सारी ऐसी बातें मुझे इस सीरीज़ द्वारा मालूम हुई, जो मैंने शायद पढ़ने में स्किप कर दी होगी। मुझे वैसे भी याद नहीं रहती बातें। मैं नाम भूल जाता हूँ, जगह भूल जाता हूँ, बस कहानी याद रहती है। यह सीरीज़ भी देखने लायक है, कि कारगिल युद्ध में कैसे वायुसेना ने युद्धों के इतिहास में प्रथम पराक्रम कर दिखाए। 


    अभी तो और भी कुछ मूवीज देखने का ही प्लान है। साथ ही कुछ पुस्तकें पढ़ने का भी.. और कुछ पुस्तकें दिमाग में घूम भी रही है, जिन्हे मैं काफी समय से टाल भी रहा हूँ। धमाल 4 भी देख ली। 


गुजरात में दारूबंदी और जहरीली शराब का सवाल

    प्रियम्वदा ! कितनी अजीब बात है। दारुबंदी वाले गुजरात में फिर से एक बार जहरीली शराब पीकर लोग चल बसे। सरकारी अधिकारी एडवाइजरी जाहिर कर रहे हैं, कि फलानि कम्पनी की शराब पी है, तो जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल में जांच करवाओ। यह भी कोई बात हुई भला.. दारुबंदी वाले गुजरात में दारु पर से प्रतिबन्ध हटा लेने से सरकार की जितनी आय होगी, उससे कईं ज्यादा आज बाबू-अधिकारी दारुबंदी में ही कमा लेते होंगे। भला सरकारें कमाए या अधिकारी, पैसे तो मार्किट में ही आएँगे न?


ब्रांडेड जहरीली शराब और अस्पताल वाला किस्सा

    अरे प्रियम्वदा ! ऐसे काण्ड के बिच भी एक मजेदार वाकिया देखने को मिला। ब्रांडेड जहरीली शराब पिने के पश्चात एक व्यक्ति अस्पताल में भर्ती था। और उसके परिजन से एक प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनल का रिपोर्टर इंटरव्यू कर रहा था। रिपोर्टर ने उस परिजन से पूछा, "बताओ, क्या वाकिया हुआ?" और ठेठ भावनगर वाले लहजे में वह परिजन बोल पड़ा, "एला भाई, क्या बताऊं तुम्हे, दारू तो बाद में मारेगी, उससे पहले तो यह अस्पताल वाले मार डालेंगे। सुबह से सुई के ऊपर सुई मारे जा रहे है। अंदर हड्डी में भी सुई मार दी बताओ। एक अडारी (चाय पिने की कप-प्लेट) जितना ही दारू पिया होगा। उसमे तो हो-हा - हो-हा हो गयी। पांच लोग बैठे थे, आधी बोतल से भी कम पीया होगा। उसके बाद बड़ी सब्जी बनाई थी, और खा-पीकर हम तो सो गए थे। हमे कुछ हुआ भी नहीं है, फिर भी इन लोगों ने इधर दवाखाने में भर्ती कर दिया। हम लोग डेली पिने वाले नहीं है। हमें अब रजाचिट्ठी दे दे बस, हम तो इतना ही चाहते है।"


गुजरात में शराबबंदी के बावजूद शराब की उपलब्धता

    भला ऐसा भी तो होता होगा, कि यह सारी ब्रांड्स की बोतल को यहीं रिफिल किया जाता होगा। हाँ ! हर महीने एकाध ट्रक तो गुजरात पुलिस पकड़ती ही है। पर फिर भी कितनी सारी ब्रांडेड आइटम्स बड़ी आराम से मिल जाती है। कल की ही बात है, यूट्यूब पर जमावट नाम का न्यूज़ रिपोर्टिंग चैनल है। उसके एक रिपोर्टर ने यूट्यूब लाइव ऑन किया। एक बुटलेगर की दुकान पर पहुंचा। वहीँ से उसने पुलिस को फ़ोन करके इन्फॉर्म किया, कि यहाँ शराब बेचीं जा रही है। पुलिस का उसने काफी समय तक इंतजार करने के बाद भी जब कोई हवालदार भी नहीं आया, तो उस रिपोर्टर ने दुकान से बिस रूपये की शराब की थैली खरीदी, और थैली लेकर लाइव में ही पुलिस स्टेशन पहुँच गया। फिर वहां पुलिस वालों ने लाइव में आने से इंकार किया, और फिर लाइव ऑफ कर दिया गया। 


    और अब तो इस लट्ठाकाण्ड के बाद तो फिर से यह चर्चा जोरों पर है, कि गुजरात में से दारुबंदी हटा लेनी चाहिए। दारुबंदी हटाओ, चाहे न हटाओ, लेकिन इस तरह कोई धीमा जहर एकदम से जानलेवा तो नहीं ही हो जाना चाहिए। सात लोग हमेशा के लिए सो गए। 


जंतर-मंतर, आरक्षण और अधिकारों की मांग

    देश में फिर से एक बार जंतर-मंतर पर आंदोलनकारी लोग बैठ गए है। इस मुद्दे को तो मैं खुलकर समर्थन करता हूँ। हाँ ! पिछले वाले मुद्दे से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता था, वो लोग शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांग रहे थे.. क्या फर्क पड़ा? इस देश में जितनी आबादी है, उस हिसाब से यहाँ हर तरह के कानूनों का कईं तरह से उल्लंघन हो सकता है। जैसे गुजरात में जितना पुलिसबल होगा, उससे ज्यादा ही दारु पहुँचाने वाले लोग भी होंगे। इस बार सवर्ण लोग जंतर मंतर पर इकठ्ठा हुए है। फिर से एक बार अधिकारों की मांग के साथ कुछ लोग प्रदर्शन करेंगे। 


लोकतंत्र भी एक तरह की बावड़ी है

    पर यह लोग UGC नियमों की वापसी की मांग कर रहे है। और मैं चाहता हूँ, आरक्षण ख़त्म होना चाहिए। देखते है, अभी तो सरगम छिड़ी है, देखतें है, कोई राग बनता भी है या नहीं। मैं अपना मत रखूं, तो मुझे तो लगता है, कि इस देश में सवर्णों को कभी कुछ दिया नहीं गया है, अपमान के अलावा। लिया खूब गया है। मैं तो मानता हूँ, कि अपने देश में कोई भी सरकारें आए, जाए, सवर्णों के साथ यही व्यवहार रहेगा। हिंदुत्व और सनातन के नाम पर एक किये जाएंगे, अपना स्वार्थ साध लेने के पश्चात 'आप कौन?"


    नहीं, यह मेरी निराशा नहीं है। मैं अक्सर सोचता हूँ, मैंने जब सरकारी भर्तियों के फॉर्म्स भरे थे, तब मुझसे काफी महंगी फीस वसूली गयी थी। और बाद में पेपर्स रद्द भी किये गए थे, शायद वही पेपर लीक या ऐसा ही कुछ मसला था। अब मुझे पूरा याद भी नहीं। पर आखिरकार मैंने इतना तो समझ ही लिया था, कि लोकतंत्र इसी तरह चलता है। लोकतंत्र को जीवित रहने के लिए भोग चाहिए, कभी इस वर्ग का, कभी उस वर्ग का। ऐतिहासिक कहानियों में अक्सर कईं बावड़ियां भोग लेती थी, कईं कहानियां है। लोकतंत्र भी एक तरह की बावड़ी है। इस बावड़ी से पानी सींचने के लिए हर बार किसी न किसी को भोग देना होगा। किसी को अपने मान-सम्मान का, किसी को धन-दौलत का, किसी को जमीनें देनी पड़ी थी। 


📖 थोड़ी देर और ठहरो प्रिय पाठक,


📬 मुझसे जुड़े रहिए

हफ्ते में एक बार, बिना किसी स्पैम के, एक नया किस्सा आपके ईमेल पर।

📸 Instagram पर मुलाकात: @Dilawarsinh – ज़िंदगी की झलकियां और रोज़ के अपडेट्स।

💛 Support the Writer

Buy me a coffee

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)