नैतिक मूल्य, इच्छाएँ और मेरा आत्मसंवाद | प्रियम्वदा !

0

हम जहाँ हैं, वहाँ क्यों हैं?


नैतिक मूल्यों और इच्छाओं के द्वंद्व में खड़ा व्यक्ति अपनी परछाई को देखता हुआ

प्रियम्वदा ! 

माफ़ करना मुझे, लगभग महीना भर होने को आया, पर तुमसे दो बातें भी न कर पाया। सच कहूं तो मन ही नहीं करता था। मेरा मन किसी और प्रवृतियों में मग्न था। और अभी भी एक अन्य अधूरा ड्राफ्ट है, वहीँ मन घूम भी रहा है। 


मैं कईं बार सोचने लगता हूँ, हम जहाँ है, वहां क्यों है? हमारा तात्पर्य क्या है, हमें क्या वहन करना है? हम यहाँ तक पहुंचे कैसे, और उसके पीछे कारण क्या रहा होगा। इन प्रश्नों का सन्दर्भ मैं नहीं दे पाउँगा तुम्हे। क्योंकि फ़िलहाल तो मैं खुद भी नहीं जानता हूँ, कि इन प्रश्नों को कौनसे सन्दर्भ के साथ जोड़ा जाए। 


मेरे मूल्य और मेरी इच्छाओं का द्वंद्व

फ़िलहाल शाम ढल चुकी है। अलनीनो ने वर्षा को पूर्णतः परास्त कर दिया है। दिनभर इतनी तेज धूप और गर्मी होती है, कि संध्या के आने का उमंग ही अलग होता है। शाम में एक नमी की सुगंध भरी रहती है। ठीक वैसी, जैसी सर्दियों के पास होती है। सर्दियों का प्रादुर्भाव होने लगा है। प्रियम्वदा ! इन दिनों में मैंने भरपूर प्रयास किया था, तुम्हे कुछ न कुछ कहने का, लेकिन मेरा हर प्रयास विफल रहा था। यह शाम भी मुझे उन प्रसंगो तक ले जाने को व्याकुल लगती है, जो मैं तुमसे न बयां कर पाया था। 


मेरी कामना, मेरी इच्छा, कभी मेरे उन नियमों को भंग करने को व्याकुल नहीं कर पायी, जिन्हे मैंने मूल्यों के तौर पर अपनाया है। मेरे वे मूल्य मुझे कभी भी तुम तक पहुँचने ही नहीं दे सकते। शायद हमारे मूल्य ही हमारा व्यक्तित्व होता है? जिन्हे निभाने के लिए हम कुछ भी कर सकते है। हानि भी। 


प्रियम्वदा ! कितने अजीब मूल्य है, मेरी अपनी भावना, कामना को कुचल देने को आतुर है। हम कुछ भी मान लेते है। किसी भी चीज को, कहीं से भी प्रेरणा ले सकते है, और कहीं भी व्यक्त हो सकते है। बस उन नैतिक मूल्यों को दरकिनार नहीं कर सकते। मैं कितने ही बंधनों में बांधकर तुमसे यह बातें कह भी दू, तब भी कईं स्पष्टताएँ अपने पूर्ण अधिकार को न पा सकेगी। उन्हें आड़े एक पर्दा लिए खड़े होंगे यही मूल्य। 


तालाब की सफाई और सोशल मीडिया की रीलें

छोडो यह सब प्रियम्वदा, मेरी प्रेम की व्याख्या तो मैं तुम्हे कईं बार बता चूका हूँ। अभी कुछ दिनों पहले से देश में एक ट्रेंड ही चल पड़ा है, जलाशयों की सफाई अभियान का। मैं जहाँ रहता हूँ, वहां पास में ही एक तालाब है। वर्षा तो इस बार हुई ही नहीं, और तालाब इस बार खाली ही रह गया। कुछ लोग उठे, बोले तालाब साफ़ करना चाहिए। पहले दिन काफी भीड़ इकट्ठी हुई, रील के चक्कर में अच्छा खासा सफाई अभियान सफल भी रहा, लेकिन दूसरे दिन, फिर से कचरा वहीँ आ गया। जलाशय के कईं किनारे होते है, तुम एक तरफ से कुछ बहाओगे, तो वह दूसरे तरफ भी पहुँच सकते है, तीसरे तरफ भी। खैर, आज फिर एक रील आयी, सफाई वाले अनुरोध कर रहे है, और भी लोगों को इस मुहीम से जुड़ने की। 


मैं सोच रहा था, मध्य प्रदेश के एक लड़के के द्वारा शुरू किया गया यह ट्रेंड जब आज मेरी बसाहट तक पहुँच गया है, तो वाकई यह जिम्मेदारी है किसकी? अगर लोग ही साफ़-सफाई करने लगेंगे, तो जब चुनाव आएगा, तब नेता लोग क्या करेंगे? जब तक चुनाव नहीं है, तब तक ग्राम पंचायत और नगर-महानगरपालिकाएं क्या करेंगी? रील का चक्कर है यह सारा। सफाई अभियान भी बस व्यूज़ बटोरने का साधन मात्र है। लोगों को एक दिन की ही सही, लेकिन वाहवाही लूटनी है। 


सफाई से ज्यादा जरूरी है गंदगी न फैलाना

लोगों में केवल सफाई के प्रति नहीं, गंदगी न फैलाने के प्रति जागरूकता होनी चाहिए। पर जब उद्देश्य ही व्यूज़ बटोरने का होगा, तो दूसरे दिन मुहीम के तमाम स्तम्भ इधर उधर हो जाएंगे। मुझे लगता है, लोगों को सफाई नहीं करनी चाहिए, उल्टा जो लोग गंदगी फैला रहे है, उनका ढोल बाजे के साथ सम्मान करना चाहिए। आत्महीनता का भाव बहुत कुछ करवा देता है। ऐसा ही एक और भाव है, समर्पण का भाव। समर्पण के पश्चात कोई भी प्रश्न सर नहीं उठा पाते।


समर्पण के बाद बचे ही क्या सवाल?

एक न्यूज़ रिपोर्टर के सामने ही किसी ने गुटखा खाकर रोड पर थूक दिया। न्यूज़ वाली मेडम तुरंत कैमरा माइक लेकर सामने खड़ी हो गयी, बोली, "आपने यह जो अभी थूका है, क्या वह सही था?" उस आदमी ने कैमरा देखते ही तुरंत सरेंडर कर दिया। तुरंत आत्मसमर्पण करते बोला, "बिलकुल गलत है, मैं मानता हूँ, नहीं थूकना चाहिए।" न्यूज़ वाली मेडम ने यह प्रत्युत्तर नहीं सोचा था, फिर से वह बोली, "तो आप मानते है, कि यह गलत है, फिर भी आपने थूका।" वह आदमी अपने गुटखे को निगलता हुआ बोला, "आपने मेरी गलती पर मुझे टोका, मुझे बहुत पसंद आया। सार्वजनिक स्थलों पर थूकना बिलकुल ही गलत है, नहीं करना चाहिए ऐसा। मुझे अच्छा लगा, आपने मुझे मेरी गलती से अवगत कराया।" इस पर न्यूज़ वाली मेडम के पास अब कोई विरोध करने का अवसर न पाकर वह बोली, "तो आप आगे से नहीं थूकेंगे। गुटखा खाना छोड़ देंगे?" वह आदमी कहता है, "अरे मेडम, मैं कब से गुटखा छोड़ने की सोच रहा था, आपने मुझसे यह पूछा तो मुझे बहुत अच्छा लगा, मैं सबसे कहना चाहूंगा, कि गुटखा नहीं खाना चाहिए, और न ही यहां-वहां थूकना चाहिए।" उस व्यक्ति के इतने हद तक समर्पण के पश्चात वह न्यूज़ वाली मेडम कुछ भी न बोल पायी थी। 


अपनी परछाई को कौन जला सकता है?

खैर, कुछ ऐसा ही समर्पण मैं भी तुम्हारे सामने करना चाहता हूँ प्रियम्वदा ! पर वही कांटे.. जो सदैव बाड़ बनकर बिच खड़े मिलते है। यह बाड़ तो जलाई भी नहीं जा सकती, कोई भला अपनी परछाई फूंकता है? कतई नहीं। परछाई के बिना का दैवत्व भी अधूरा लगता है मुझे। तुम्हे क्या लगता है? मैं बाड़ फूंक दू, या अपनी इच्छाओं को? या फिर इन शब्दों को, जो मेरे विद्रोही की तरह उठते है..


शुभरात्रि,

२४/०९/२०२६

|| अस्तु || 


प्रिय पाठक !

कभी-कभी सबसे कठिन सवाल दुनिया से नहीं, खुद से पूछने पड़ते हैं। अगर इस आत्मसंवाद में आपको भी अपना कोई अनकहा सवाल दिखाई दिया हो, तो अपनी बात नीचे टिप्पणी में जरूर लिखिए। शायद आपका जवाब किसी और के सवाल को भी आवाज़ दे दे।


📖 थोड़ी देर और ठहरो प्रिय पाठक,


📬 मुझसे जुड़े रहिए

हफ्ते में एक बार, बिना किसी स्पैम के, एक नया किस्सा आपके ईमेल पर।

📸 Instagram पर मुलाकात: @Dilawarsinh – ज़िंदगी की झलकियां और रोज़ के अपडेट्स।

💛 Support the Writer

Buy me a coffee

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)